आज निकलेगी भव्य एवं आकर्षक शिव बारात

भूत पिशाच की टोलियां, कई प्रदेशों के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
बच्चों के लिए जंगल बुक की झांकी रहेगी आकर्षण
देवास। शहर में महा शिवरात्रि के अवसर पर संस्था नमो-नमो के तत्वाधान में भव्य एवं अनूठी शिव बारात का आयोजन बुधवार को किया जाएगा। शिव बारात में कई प्रदेशों के कलाकार अपनी जीवंत प्रस्तुतियां देंगे। संस्था द्वारा विगत 12 वर्षों से महाशिवरात्रि के अवसर पर बारात का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष बारात को ओर अधिक भव्यता दी गई है।
संस्था संयोजक राजेश यादव एवं अध्यक्ष वरुण अग्रवाल ने बताया कि भव्य एवं अनूठी शिव बारात बुधवार शाम 5 बजे सयाजी द्वार से निकलेगी। यहां से एमजी रोड, जनता बैंक चौराहा, नयापुरा, जवाहर चौक, पुराना बस स्टैंड, तीन बत्ती चौराहा होते हुए शुक्रवारिया हाट स्थित नाग चंद्रेश्वर मंदिर पर समाप्त होगी।
शिव बारात में केरल, कर्नाटक, मुंबई, उत्तर प्रदेश सहित भोपाल, इंदौर के कलाकारों द्वारा विभिन्न स्वरूपों में जीवंत झाकियां निकाली जाएंगी। इस दौरान प्रथम पूज्य गणेश जी, मां चामुंडा, श्रीराम दरबार के साथ विराट हनुमान, पच्चीस मुख वाली काली मां, उड़ते हनुमान जी, यंत्र चालित हाथी देवता, विराट नंदी पर सवार शिव-पार्वती के साथ अघोरी नृत्य करते हुए भूत पिशाच, गंगा मैया की झांकियां रहेंगी।
बच्चों के लिए जंगल बुक की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। चंद्रमौली स्वरूप में सजे धजे भोलेनाथ जी नंदी पर सवार होकर मां पार्वती को ब्याहने जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी शामिल होंगे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव करेंगे।
विशेष अतिथि के रूप में विधायक गायत्रीराजे पवार, आशीष शर्मा, राजेश सोनकर, मनोज चौधरी, मुरली भंवरा, पूर्व अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, निगम सभापति रवि जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष बहादुर मुकाती, नंदकिशोर पाटीदार सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। शिव बारात के लिए संस्था नमो-नमो द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। संस्था संयोजक राजेश यादव ने नागरिकों से अधिक-अधिक संख्या में यात्रा में उपस्थित होने का आग्रह किया है।